मध्य प्रदेश
11 Apr, 2026

भोपाल में डीजीपी ने प्रशिक्षु डीएसपी अधिकारियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

डीजीपी कैलाश मकवाणा ने भोपाल में प्रशिक्षु डीएसपी अधिकारियों को साइबर अपराध, पारदर्शिता, तकनीकी दक्षता और संवेदनशील पुलिसिंग पर जोर देते हुए कर्तव्यनिष्ठा से कार्य करने की सलाह दी।

भोपाल, 10 अप्रैल

मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी, भौंरी भोपाल में 44वें एवं 45वें बैच के प्रशिक्षणरत उप पुलिस अधीक्षकों के लिए आयोजित विशेष संबोधन कार्यक्रम शुक्रवार को नवीन पुलिस मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाणा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिसमें कुल 49 प्रशिक्षु अधिकारी शामिल हुए।

डीजीपी मकवाणा ने चयनित अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा, निष्पक्षता और पूर्ण समर्पण के साथ सेवा करने की सीख दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ती चुनौती है, इसलिए अधिकारियों को अपनी तकनीकी समझ और व्यावसायिक दक्षता को लगातार अपडेट करते रहना चाहिए। उन्होंने iGOT कर्मयोगी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध एआई, साइबर सुरक्षा और अन्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों का अधिकतम उपयोग करने पर जोर दिया।

उन्होंने पुलिस सेवा को जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए निर्देश दिया कि अधिकारी समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के प्रति संवेदनशील रहें, जबकि अपराधियों के विरुद्ध सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई करें। डीजीपी ने यह भी कहा कि सभी कार्रवाई कानून और प्रक्रिया के अनुरूप होनी चाहिए तथा भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता से पूरी तरह दूरी बनाए रखना आवश्यक है।

मकवाणा ने कहा कि वर्तमान दौर में मीडिया, सोशल मीडिया और विभिन्न निगरानी संस्थाओं की सतत नजर रहती है, ऐसे में पारदर्शिता बेहद जरूरी है क्योंकि छोटी त्रुटि भी करियर पर असर डाल सकती है। उन्होंने निष्पक्ष जांच, धैर्य और तथ्यों के आधार पर निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दिया तथा निर्दोष व्यक्तियों को अनावश्यक रूप से न फंसाने की बात कही।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं निदेशक पुलिस अकादमी मोहम्मद शाहिद अबसार ने बताया कि प्रशिक्षण दो चरणों में संचालित हो रहा है, जिसमें प्रथम सेमेस्टर पूर्ण हो चुका है और दूसरा जारी है। इसमें कानून व्यवस्था, अपराध जांच, नए आपराधिक कानून, साइबर अपराध और पुलिस प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इसके साथ ही फील्ड एक्सपोजर, ओरिएंटेशन और लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया गया है। शारीरिक दक्षता के लिए पीटी, ड्रिल, योग, वेपन हैंडलिंग, फायरिंग और खेल गतिविधियां भी शामिल हैं। कई प्रशिक्षु अधिकारी आईआईटी, एनआईटी, बीएचयू सहित प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त हैं, जिससे आधुनिक पुलिसिंग को नई दिशा मिलने की संभावना जताई गई है।

कार्यक्रम में डीआईजी डॉ. विनीत कपूर, उप निदेशक संजय कुमार अग्रवाल, एसओ टू डीजीपी मलय जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। 

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

19° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़