भोपाल, 10 अप्रैल।
उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र के झलारिया गांव में बोरवेल हादसे में फंसे तीन वर्षीय बालक भागीरथ की मौत की पुष्टि के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक प्रकट किया है। यह वही मामला है जिसकी पूर्व में रेस्क्यू के दौरान लगातार निगरानी की जा रही थी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस दुखद घटना से वे अत्यंत आहत हैं और पीड़ित परिवार के साथ पूरी सरकार खड़ी है। उन्होंने कहा कि बालक के निधन से उत्पन्न पीड़ा अत्यंत असहनीय है और वे शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।
राज्य सरकार की ओर से दिवंगत बालक के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, जिसे तत्काल उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की है।


.jpg)







