उमरिया, 10 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले स्थित विश्वप्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में शुक्रवार को एक बार फिर बाघ के हमले में एक महिला की जान चली गई। यह घटना पनपथा कोर क्षेत्र में हुई, जहां महुआ बीनने गई महिला को बाघ ने अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल व्याप्त हो गया है और ग्रामीणों में लगातार बढ़ते वन्यजीव हमलों को लेकर चिंता गहरी हो गई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम झलवार निवासी कुसुम बाई गोड़, जिनके पति का निधन हो चुका है, शुक्रवार को पनपथा कोर क्षेत्र के कक्ष क्रमांक आरएफ 460 में बी-2 कैंप के पास स्थित झिरिया जंगल में महुआ बीनने गई थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने उन पर अचानक हमला कर दिया और उन्हें घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना दोपहर में ग्रामीणों द्वारा देखे जाने के बाद दी गई, जिसके बाद तत्काल पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इंदवार थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में उसे गांव भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और परिजनों को सांत्वना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई तथा परिजनों को तात्कालिक सहायता के रूप में राशि प्रदान की गई, जबकि शासन द्वारा निर्धारित आर्थिक सहायता राशि आगे नियमानुसार दी जाएगी।
गौरतलब है कि बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघों की बढ़ती आवाजाही के कारण मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।






_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)


.jpg)