नई दिल्ली, 10 अप्रैल 2026।
दिल्ली में क्राइम ब्रांच ने नकली ऑटो पार्ट्स और इंजन ऑयल के बड़े अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई में लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के नकली स्पेयर पार्ट्स, पैकेजिंग सामग्री और एक प्रिंटिंग यूनिट भी जब्त की गई है। यह गिरोह नामी कंपनियों के ब्रांड का गलत इस्तेमाल कर बाजार में नकली उत्पादों की सप्लाई कर रहा था।
क्राइम ब्रांच के अनुसार यह कार्रवाई इंद्रलोक, झंडेवालन और मंगोलपुरी इंडस्ट्रियल एरिया में एक साथ की गई छापेमारी के दौरान की गई। टीम ने दोपहिया वाहनों के नकली ब्रेक शू, पैकेजिंग सामग्री और फर्जी ब्रांडिंग से जुड़े सामान बरामद किए। इस मामले में रियाजुद्दीन, अनिल कुमार और अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामी कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर छापेमारी की। जांच में पहले इंद्रलोक और झंडेवालन इलाके से दो आरोपियों को पकड़ा गया, जिसके बाद पूछताछ में प्रिंटिंग यूनिट का खुलासा हुआ।
आगे की जांच में सामने आया कि नकली स्टिकर और पैकेजिंग तैयार करने के लिए एक अलग प्रिंटिंग यूनिट भी संचालित की जा रही थी। इसके बाद तीसरे आरोपी अर्जुन कुमार को गिरफ्तार किया गया, जो फर्जी स्टिकर और ब्रांड मार्क छापने का काम करता था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 1040 जोड़ी नकली ब्रेक शू, 50 बंडल खाली पैकेजिंग, लगभग 14 हजार नकली एमआरपी स्टिकर, 400 नकली कार्टन बॉक्स, 67 हजार से अधिक प्लास्टिक पैकिंग और 10 प्रिंटेड रोल बरामद किए। पूरी प्रिंटिंग यूनिट को भी सील कर दिया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में रियाजुद्दीन और अनिल कुमार पहले भी ट्रेडमार्क और कॉपीराइट उल्लंघन के मामलों में शामिल रह चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वे इस अवैध कारोबार को दोबारा चला रहे थे।







_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)

