जबलपुर, 10 अप्रैल 2026।
जबलपुर शहर में लंबे समय से लंबित बिजली बिलों की वसूली को लेकर बिजली कंपनी ने अब सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। वसूली का दबाव बढ़ने के बाद मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मैदान में उतरकर कार्रवाई कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार देर रात से लेकर शुक्रवार तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें कई चौंकाने वाले मामले सामने आए।
सिटी सर्किल के मुख्य अभियंता के नेतृत्व में टीम ने गोराबाजार और बिलहरी क्षेत्रों में उन उपभोक्ताओं के घरों पर दबिश दी, जिनके कनेक्शन वर्षों पहले काट दिए गए थे, लेकिन बकाया राशि अब तक जमा नहीं की गई थी। टीम का उद्देश्य यह जांचना था कि बिना बिजली कनेक्शन के लोग लंबे समय से कैसे रह रहे हैं, लेकिन मौके पर पहुंचने पर स्थिति कुछ और ही सामने आई।
गोराबाजार के भोंगाद्वार क्षेत्र में एक घर की जांच के दौरान बिजली जलती हुई पाई गई, जबकि रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2022 में लगभग 96 हजार रुपये बकाया होने पर कनेक्शन काट दिया गया था। जांच में यह सामने आया कि घर में अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था।
इसी तरह बिलहरी के चेतना मैदान क्षेत्र में भी एक मकान पर कार्रवाई की गई, जहां लगभग 6 साल पहले कनेक्शन काट दिया गया था। इसके बावजूद वहां सीधे विद्युत पोल से अवैध रूप से बिजली ली जा रही थी। इस मकान पर करीब 1.35 लाख रुपये का बकाया दर्ज है।
अधिकारियों के अनुसार शहरभर में लगभग 30 टीमों का गठन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। जिन स्थानों पर बिजली चोरी पाई गई, वहां विद्युत अधिनियम 2003 की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं और आगे की कार्रवाई जारी है।







_(1).jpg)
.jpg)

.jpg)

