इस्लामाबाद, 10 अप्रैल।
पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने शुक्रवार को जानकारी दी कि इस्लामाबाद में प्रस्तावित ‘अमेरिका-ईरान वार्ता’ में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को वीजा-मुक्त बोर्डिंग की सुविधा प्रदान की गई है। इसके लिए एयरलाइंस को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव के बाद एक महीने से अधिक समय तक चली बातचीत के परिणामस्वरूप दो सप्ताह के सीजफायर पर सहमति बनी है। इसी समझौते के तहत दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल इस सप्ताहांत इस्लामाबाद पहुंचेंगे, जहां आगे की वार्ता होगी।
विदेश मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आदेश साझा करते हुए कहा कि एयरलाइंस ऐसे सभी प्रतिनिधियों को बिना वीजा बोर्डिंग की अनुमति दें, क्योंकि पाकिस्तान की इमिग्रेशन व्यवस्था आगमन पर वीजा जारी करेगी। उन्होंने इस्लामाबाद वार्ता 2026 के तहत आने वाले सभी प्रतिनिधियों और पत्रकारों का स्वागत भी किया।
पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के अनुसार, गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने विदेशी मेहमानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और इसे देश के लिए सम्मान बताया। मंत्रालय ने बताया कि मेहमानों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं तथा कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, रेड जोन को पूरी तरह सील किया जाएगा और केवल अधिकृत लोगों को प्रवेश मिलेगा। इससे पहले भी अमेरिकी राजदूत के साथ बैठक में सुरक्षा को लेकर आश्वासन दिया गया था। लगभग 10,000 से अधिक सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है और सेना, रेंजर्स तथा पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।


_(1).jpg)


.jpg)



.jpg)