मध्य प्रदेश
10 Apr, 2026

नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा शुरू, एमपी में महिला सशक्तिकरण को मिलेगा नया आयाम

मध्य प्रदेश में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा शुरू किया गया, जिसमें महिला सशक्तिकरण, जागरूकता और जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया जाएगा।

भोपाल, 10 अप्रैल।

मध्य प्रदेश सरकार ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार से राज्यव्यापी “नारी शक्ति वंदन” पखवाड़े की शुरुआत की है, जो 25 अप्रैल तक जारी रहेगा। इस अवधि में आम नागरिकों को “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” के प्रावधानों की जानकारी दी जाएगी तथा महिला नेतृत्व को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी बिंदु सुनील के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिनियम की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना और महिला सशक्तिकरण को उत्सव के रूप में मनाना है। राज्य सरकार ने इसे जन-उत्सव के रूप में आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आयोजन किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत राजधानी भोपाल स्थित रविन्द्र भवन के हंसध्वनि सभागार में राज्य स्तरीय सम्मेलन से होगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी संभागीय मुख्यालयों तथा छिंदवाड़ा, खरगोन और मंदसौर में भी भव्य “नारी शक्ति वंदन” सम्मेलन आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में महिला सांसदों, विधायकों, महापौरों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ सफल महिला उद्यमियों को सम्मानित कर उनके अनुभव साझा किए जाएंगे।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रत्येक लोकसभा और विधानसभा क्षेत्र में “नारी शक्ति पदयात्रा” निकाली जाएगी, जिसमें समाज की प्रबुद्ध महिलाएं शामिल होंगी। वहीं युवाओं को जोड़ने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा “नारी शक्ति वंदन दीवार” तैयार की जाएगी, जहां युवा पेंटिंग और संदेशों के माध्यम से अपने विचार व्यक्त करेंगे।

14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी जाएगी और नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विस्तृत चर्चा होगी। साथ ही पंचायतों, नगरीय निकायों और शैक्षणिक संस्थानों में गोष्ठियां और सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे।

पूरे अभियान को डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा जाएगा और सोशल मीडिया पर प्रेरणादायक वीडियो प्रसारित किए जाएंगे। महिला स्व-सहायता समूहों, लखपति दीदी और लाड़ली बहना को इस अभियान का प्रमुख चेहरा बनाया जाएगा। औद्योगिक, व्यापारिक और सहकारी संगठनों में भी महिला भागीदारी पर केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रदेश के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और स्कूलों में व्याख्यान, प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नई पीढ़ी महिला सशक्तिकरण के कानूनी और सामाजिक पहलुओं को समझ सके।

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि सभी स्तरों पर जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे यह पखवाड़ा व्यापक जन-उत्सव के रूप में सफल हो सके।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़