भोपाल, 10 अप्रैल 2026।
रायसेन जिले में उन्नत कृषि महोत्सव के अंतर्गत आयोजित भव्य कृषि प्रदर्शनी का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज शाम करेंगे। यह प्रदर्शनी नवीनतम कृषि तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और समाधान आधारित मॉडलों के प्रदर्शन का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।
केंद्रीय मंत्री चौहान आज शुक्रवार को मप्र के रायसेन जिले के प्रवास पर रहेंगे, जहां वे महोत्सव के अंतर्गत लगाई गई इस भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। वे प्रदर्शनी परिसर में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों तथा डेमोंस्ट्रेशन क्षेत्रों का भी निरीक्षण करेंगे।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से रायसेन के दशहरा मैदान में 11 से 13 अप्रैल तक तीन दिवसीय उन्नत कृषि महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री की पहल पर आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के कृषि मेले में प्रदर्शनी का शुभारंभ आज किया जाएगा।
इस प्रदर्शनी में राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय संस्थानों के साथ-साथ प्रमुख कंपनियों और नवाचार आधारित कृषि स्टार्टअप्स द्वारा आधुनिक कृषि तकनीकों, उपकरणों और समाधान मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा। मंत्री चौहान इन सभी नवाचारों की जानकारी लेंगे और डेमो क्षेत्र का भी अवलोकन करेंगे, जहां आधुनिक कृषि यंत्रों, सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों, ड्रोन तकनीक तथा अन्य उन्नत कृषि तरीकों का लाइव प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे किसान इन तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से समझकर अपने खेतों में लागू कर सकें।
उन्नत कृषि महोत्सव के तहत इस प्रदर्शनी में लगभग 300 स्टॉल लगाए गए हैं, जो इसका प्रमुख आकर्षण हैं। यह प्रदर्शनी कृषि की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को एक ही मंच पर उपलब्ध कराती है, जिसमें इनपुट से लेकर प्रसंस्करण और विपणन तक के समग्र समाधान शामिल हैं, जिससे किसानों को आधुनिक और लाभकारी कृषि की विस्तृत जानकारी मिल सके।
प्रदर्शनी में कृषि, बागवानी, सूक्ष्म सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण, उन्नत तकनीक, उर्वरक, कीटनाशक, बीज, डिजिटल कृषि और फसल बीमा से जुड़े संस्थानों और कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, राज्य कृषि विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान केंद्र, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग, खाद्य प्रसंस्करण, ग्रामीण विकास, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम, राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ, किसान उत्पादक संगठन और कृषि स्टार्टअप्स भी अपने नवाचारों के साथ इसमें शामिल हैं।
आयोजन स्थल को तीन बड़े हैंगरों में सुव्यवस्थित रूप से विकसित किया गया है, ताकि किसानों को विषयवार स्पष्ट जानकारी मिल सके। पहले हैंगर में कृषि उपकरण, सिंचाई, फसल संरक्षण, मृदा पोषण, बीज और नवाचार से जुड़े स्टॉल लगाए गए हैं। दूसरे हैंगर में पशुपालन, डेयरी, मृदा पोषण, सहकारी संस्थाएं, कृषि संस्थान, किसान संगठन और ग्रामीण विकास से जुड़े स्टॉल शामिल हैं, जहां कृषि और उससे जुड़े क्षेत्रों की व्यापक झलक मिलती है। तीसरे हैंगर में उद्घाटन, तकनीकी सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है, जहां बड़ी संख्या में किसानों के बैठने की सुविधा के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।
इस प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों, उन्नत बीज और खाद, जैविक खेती, डेयरी, पोल्ट्री, मत्स्य पालन, डिजिटल कृषि समाधान और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और नीति निर्धारकों के साथ सीधे संवाद की भी व्यवस्था की गई है, जिससे किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप व्यवहारिक समाधान मिल सकें।
यह प्रदर्शनी किसानों के लिए एक प्रभावी एकीकृत मंच के रूप में कार्य करेगी, जहां वे नवीन तकनीकों, सफल मॉडलों और बाजार आधारित कृषि तरीकों को समझकर उन्हें अपनाने के लिए प्रेरित होंगे और अपनी आय बढ़ाने के व्यावहारिक मार्ग प्राप्त कर सकेंगे। यह आयोजन बीज से बाजार तक किसानों के सशक्तिकरण और कृषि के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





.jpg)



