मैदुगुरी (नाइजीरिया), 09 अप्रैल 2026।
नाइजीरिया के उत्तर-पूर्वी बोर्नो राज्य में आतंकवादियों ने एक बार फिर सैन्य ठिकानों पर समन्वित हमला किया है। बोको हराम और इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रॉविंस (आईएसडब्ल्यूएपी) के संयुक्त हमलों में एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ब्रिगेडियर जनरल समेत कई सैनिकों की मौत हुई।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, आतंकियों ने बेनिशेख क्षेत्र में स्थित 29 टास्क फोर्स ब्रिगेड मुख्यालय को निशाना बनाया। आधिकारिक बयान में कहा गया कि सैनिकों ने बहादुरी के साथ जवाबी कार्रवाई की और हमलावरों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। मृतकों की संख्या और उनकी पहचान की पुष्टि औपचारिक जांच के बाद की जाएगी।
रिपोर्टों के मुताबिक, बुधवार देर रात आतंकियों ने पहले ग्वोजा जिले के पुलका और बाकिन रूवा कस्बों पर हमला किया। इसके बाद आधी रात के करीब बेनिशेख स्थित मुख्यालय को घेरने की कोशिश की गई। ब्रिगेड के कमांडर ओसेनी ब्राइमाह के नेतृत्व में सैनिकों ने जोरदार प्रतिरोध किया और हमलावरों को खदेड़ दिया।
कुछ सैन्य सूत्रों ने दावा किया कि हमले में ब्रिगेडियर जनरल ब्राइमाह समेत कई सैनिक मारे गए और कई सैन्य वाहन नष्ट हो गए। वायुसेना की मदद से गुरुवार सुबह मृतकों के शवों को हटाया गया। इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।
उत्तर-पूर्व नाइजीरिया में पिछले 17 वर्षों से जारी उग्रवाद ने हजारों लोगों की जान ली और लगभग 20 लाख लोगों को विस्थापित किया है। इस वर्ष बोको हराम और आईएसडब्ल्यूएपी ने सैन्य ठिकानों पर हमले तेज कर दिए हैं, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियां और बढ़ गई हैं।










.jpg)

