भोपाल, 11 अप्रैल 2026।
मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर थमने के बाद मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और गर्मी ने अपना असर तेज कर दिया है। शुक्रवार को प्रदेश के अधिकतर शहरों में अधिकतम तापमान में 1 से 5.4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर में तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिली, जबकि भोपाल और रतलाम में भी गर्मी का असर बढ़ा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को तापमान में और इजाफा होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 15 अप्रैल से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होगा, लेकिन उसका प्रभाव कमजोर रहने की संभावना है। ऐसे में प्रदेश में तेज गर्मी का दौर जारी रह सकता है। तापमान के अनुसार नर्मदापुरम सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम में 38.6 डिग्री और खरगोन में 38 डिग्री तापमान रहा। वहीं धार, खंडवा, नरसिंहपुर और खजुराहो में भी तापमान 36 डिग्री या उससे अधिक पहुंच गया।
प्रदेश के प्रमुख शहरों में उज्जैन में 35.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। भोपाल और जबलपुर में 34.6 डिग्री, इंदौर में 35 डिग्री तथा ग्वालियर में 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने एडवायजरी जारी करते हुए नागरिकों को दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को हाइड्रेट रखने और दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह दी है। साथ ही हल्के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
गौरतलब है कि अप्रैल की शुरुआत में प्रदेश में गर्मी की बजाय आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर देखने को मिला था। 1 से 9 अप्रैल के बीच कई जिलों में मौसम बदला रहा और ग्वालियर में सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई। 15 से अधिक जिलों में ओलावृष्टि और लगभग 45 जिलों में बारिश दर्ज हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि अप्रैल और मई गर्मी के प्रमुख महीने होते हैं, जिसमें अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होती है।


.jpg)







