लखीमपुर, 11 अप्रैल 2026।
भीरा वनरेंज क्षेत्र के शंकरपुर गांव में शनिवार सुबह उस समय दहशत फैल गई जब एक तेंदुए ने बकरी चरा रहे 16 वर्षीय किशोर पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में गांव निवासी अभिषेक, पुत्र विद्यासागर, घायल हो गया। घटना सुबह लगभग साढ़े नौ बजे की बताई गई है।
घटना के बाद आसपास खेतों में कार्य कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार अभिषेक सुबह गांव के बाहर बकरियां चराने गया था, तभी खेतों की ओर से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। किशोर की चीख-पुकार सुनकर पास ही गन्ने की गुड़ाई कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े और शोर मचाया। शोर सुनकर तेंदुआ घबराकर जंगल की ओर भाग गया, जिससे किशोर की जान बच सकी।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है। घायल अभिषेक को परिजन तुरंत बिजुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उसका इलाज जारी है।
भीरा वनरेंज के वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि तेंदुए के हमले में घायल किशोर को हल्की खरोंचें आई हैं और उसकी हालत खतरे से बाहर है।
उन्होंने आगे बताया कि घटना के बाद वन विभाग की टीम पूरी तरह सतर्क है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जंगल और गन्ने के खेतों के आसपास अकेले न जाएं, बच्चों को बाहर न भेजें और शाम होने से पहले घर लौट आएं। तेंदुआ दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस घटना के बाद शंकरपुर और आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है









.jpg)