नई दिल्ली, 11 अप्रैल
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई है। यह वारदात त्रिलोकपुरी के 27 ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर के समीप हुई, जहां कुछ बदमाशों ने युवक को घेरकर उस पर हमला कर दिया। घटना के बाद घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल को मयूर विहार थाने में पीसीआर कॉल के माध्यम से चाकूबाजी की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की प्रक्रिया शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में घायल युवक की पहचान हुजैफ उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई, जो त्रिलोकपुरी क्षेत्र का निवासी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात लगभग 8 बजे हुजैफ कपड़े प्रेस कराकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह 27 ब्लॉक स्थित हनुमान मंदिर के पास पहुंचा, वैसे ही कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि पहले उसे गालियां दी गईं और धमकाया गया, जिसके बाद एक हमलावर ने चाकू से उस पर वार कर दिया, जिससे उसकी पीठ और कंधे पर गंभीर चोटें आईं।
घायल युवक किसी तरह अपने घर तक पहुंचा, जहां परिजनों ने उसे तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। वहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।









.jpg)


