अंबिकापुर, 11 अप्रैल।
अंबिकापुर स्थित सद्भावना चौक के समीप फुटपाथ पर 3 अप्रैल की देर रात महिला से दुष्कर्म के बाद हुई निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने जांच की गति तेज कर दी है और पूरे मामले में साक्ष्य मजबूत करने के लिए गहन कार्रवाई की जा रही है।
शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि आरोपित को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच घटनास्थल पर लाया गया, जहां पुलिस ने क्राइम सीन को दोबारा दोहराते हुए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया पूरी की।

रात करीब एक बजे पुलिस टीम ने पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण किया, इस दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई तथा आरोपित को भीड़ के संभावित हमले से सुरक्षित रखने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
पुलिस इस गंभीर वारदात की हर बारीकी की जांच कर रही है ताकि न्यायालय में ठोस और मजबूत साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकें और मामले को निर्णायक स्थिति तक पहुंचाया जा सके।
गौरतलब है कि इस जघन्य घटना के आठवें दिन 10 अप्रैल को एमसीबी जिले के चिरमिरी थाना क्षेत्र से आरोपित को गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद से शहर में भारी आक्रोश देखा जा रहा है और लोग सड़क पर उतरकर आरोपित को फांसी देने तथा एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने जांच प्रक्रिया पूरी कर ली है और आज शनिवार को आरोपित को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जनता कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़ी हुई है।


.jpg)





.jpg)
.jpg)


