बलौदाबाजार, 11 अप्रैल।
बलौदाबाजार जिले के ग्राम खैरी (आर) में शनिवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मिडिल स्कूल के प्रार्थना शेड में चौपाल लगाकर ग्रामीणों, जल संचय वाहिनी तथा समूह की महिलाओं से संवाद किया और जिले में चल रहे ‘मोर गांव, मोर पानी’ अभियान के तहत वर्षा जल संचयन को लेकर जागरूक किया।
इस अवसर पर उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई और जल बचाने की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कलेक्टर ने कहा कि लगातार भूमिगत जल के दोहन से जल स्तर में गिरावट आ रही है, इसलिए इसे बनाए रखने के लिए वाटर रिचार्ज अत्यंत आवश्यक है, साथ ही वर्षा के पानी को व्यर्थ बहने से रोककर उसे घर, मोहल्ले और गांव स्तर पर संरक्षित करना जरूरी है।
उन्होंने घरों की छतों से पानी संग्रह के लिए वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली और सोखता गड्ढा बनाने की सलाह दी, वहीं मोहल्लों में ढलान वाले क्षेत्रों के किनारे भी सोखता गड्ढा तैयार करने को कहा।
इसके अलावा खेतों में जल संरक्षण के लिए कुल भूमि के लगभग 5 प्रतिशत हिस्से में डबरी निर्माण करने की सलाह दी गई, ताकि वर्षा जल संचित रहे और भूजल रिचार्ज की प्रक्रिया बनी रहे।
कलेक्टर ने डबरी निर्माण की प्रक्रिया और तकनीकी जानकारी किसानों तक पहुंचाने के लिए पटवारी और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों को गांव स्तर पर जागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने ग्रीष्मकालीन धान की खेती के स्थान पर कम पानी खपत वाली दलहन, तिलहन और सरसों जैसी फसलों को अपनाने पर जोर देते हुए इसे अधिक लाभकारी बताया तथा फसल विविधीकरण को किसानों के हित में आवश्यक बताया।
इस दौरान उन्होंने गांव की सार्वजनिक वितरण प्रणाली दुकान में खाद्यान्न उपलब्धता, समय पर संचालन, आंगनबाड़ी केंद्र और स्कूलों की स्थिति की भी जानकारी ली और लगभग 10 किसानों को स्वामित्व कार्ड वितरित किए।
इस कार्यक्रम में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या अग्रवाल, एसडीएम श्यामा पटेल सहित अन्य अधिकारी, जल संचय वाहिनी, समूह की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


.jpg)





.jpg)
.jpg)


