छत्तीसगढ़
11 Apr, 2026

गौरेला पेंड्रा मरवाही में दो शिक्षकों को नोटिस, जनगणना प्रशिक्षण से अनुपस्थित

गौरेला पेंड्रा मरवाही में जनगणना 2027 प्रशिक्षण से बिना सूचना अनुपस्थित रहने पर दो सहायक शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा गया है।

गौरेला पेंड्रा मरवाही, 11 अप्रैल।

जनगणना 2027 के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर दो सहायक शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही स्पष्ट किया गया है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

तहसीलदार एवं ग्रामीण चार्ज जनगणना अधिकारी द्वारा यह नोटिस सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला डोंगराटोला इजहार सिंह ओटी तथा सहायक शिक्षक प्राथमिक शाला बगड़ी पवन कुमार कश्यप को जारी किया गया है।

नोटिस में उल्लेख किया गया है कि जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रगणक एवं सुपरवाइजर का प्रशिक्षण 10 अप्रैल को पीएमश्री सेजेस विद्यालय मरवाही में सुबह 10 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित था, जिसमें दोनों शिक्षकों की ड्यूटी प्रगणक के रूप में लगाई गई थी, लेकिन वे बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए।

प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कहा है कि जनगणना कार्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इस प्रकार का आचरण कार्य के प्रति उदासीनता और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है।

नोटिस में यह भी कहा गया है कि यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन है और इस पर सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए, इस संबंध में स्पष्टीकरण देना आवश्यक है।

दोनों शिक्षकों को 24 घंटे के भीतर स्वयं उपस्थित होकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा अनुपस्थिति या असंतोषजनक जवाब की स्थिति में अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

19° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़