नारनाैल, 11 अप्रैल।
नारनाैल जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से हरियाणा सरकार ने सरकारी अस्पतालों के लिए व्यापक सुधारात्मक कदम लागू किए हैं। इसी क्रम में उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने नए निर्देश जारी करते हुए विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण किया है।
शनिवार को जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि यह पहल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक मजबूत और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आदेशों के अनुसार अब सभी सरकारी अस्पतालों को चौबीसों घंटे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पूरी तरह सक्रिय रखना अनिवार्य होगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा ताकि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके तहत जिले के सभी नागरिक अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य चिकित्सा संस्थान अब पूरे सप्ताह और चौबीस घंटे संचालित रहेंगे। साथ ही मरीजों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पंजीकरण काउंटरों की व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त काउंटर भी स्थापित किए जाएंगे।
जच्चा-बच्चा वार्डों के उन्नयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। इन वार्डों को अधिक आकर्षक और सकारात्मक माहौल देने के लिए स्थानीय कलाकारों की सहायता से हल्के रंगों और सुंदर चित्रों से सजाने की योजना बनाई गई है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए ठंडे और स्वच्छ पेयजल, कूलर और मच्छरों से बचाव के समुचित प्रबंध भी सुनिश्चित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने यह भी बताया कि वे स्वयं तथा जिले के सभी उपमंडल अधिकारी आगामी पांच दिनों के भीतर अस्पतालों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान स्वच्छता व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और कर्मचारियों की उपस्थिति की विस्तृत जांच की जाएगी। बिना वर्दी पाए जाने या लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही अस्पताल परिसरों से पुराने वाहनों और अनुपयोगी सामान को हटाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।


.jpg)






.jpg)
.jpg)


