फरीदाबाद, 11 अप्रैल।
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ अनाज मंडी में गेहूं खरीद व्यवस्था की समीक्षा के लिए उपायुक्त आयुष सिन्हा ने शनिवार को अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी में किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, गेट पास जारी करने की प्रक्रिया, गेहूं के उठान और लिफ्टिंग व्यवस्था की विस्तार से जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने खरीद कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया और संबंधित एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न की जाए। उन्होंने विशेष रूप से गेट पास प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाया जाए और वाहनों का पंजीकरण तुरंत किया जाए ताकि मंडी में भीड़ की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके साथ ही उन्होंने गेहूं की तुलाई, भंडारण और उठान व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा एजेंसियों को लिफ्टिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि खरीदे गए गेहूं का समय पर उठान बेहद आवश्यक है, ताकि मंडी में पर्याप्त स्थान बना रहे और किसानों को अपनी फसल लाने में किसी तरह की परेशानी न हो।
जानकारी के अनुसार अब तक मंडी में लगभग 95 हजार क्विंटल गेहूं की आवक दर्ज की जा चुकी है, जिसमें से करीब 86 हजार क्विंटल की खरीद पूरी हो चुकी है। मार्केट कमेटी के सचिव इंद्रपाल सिंह ने बताया कि शुरुआती चरण में उठान प्रक्रिया में कुछ देरी हुई थी, जिसका कारण गेहूं की गुणवत्ता और चमक बताया गया, लेकिन अब व्यवस्था में तेजी लाई जा रही है।
उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि मंडी में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं और किसी भी स्तर पर असुविधा नहीं होने दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम मयंक भारद्वाज, डीएफएससी कविता परिहार, मार्केट कमेटी के अधिकारी, खरीद एजेंसियों के प्रतिनिधि, आढ़ती, ट्रांसपोर्टर और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


.jpg)





.jpg)
.jpg)


