पूर्वी चंपारण, 11 अप्रैल।
पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 04 सुंदरपुर में शनिवार को एक निजी स्कूल के समीप गेहूं के खेत से एक गंभीर रूप से घायल युवक मिलने से हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने खेत में पड़े युवक को खून से लथपथ हालत में देखा, जिसकी स्थिति अत्यंत नाजुक बताई जा रही है और मौके पर बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक के गले पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उस पर किसी धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया हो सकता है।
सूचना मिलने पर हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अपने वाहन से रक्सौल स्थित डंकन अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, साथ ही मामले की जांच आपसी रंजिश, लूटपाट सहित अन्य आपराधिक पहलुओं के आधार पर की जा रही है।
आशंका जताई जा रही है कि युवक नेपाल का निवासी हो सकता है, जिसे हमलावरों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के बाद मृत समझकर सीमा पार भारतीय क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए हों।
घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फिलहाल इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


.jpg)






.jpg)
.jpg)


