मीरजापुर, 11 अप्रैल
जनपद मीरजापुर के कटरा कोतवाली क्षेत्र के कतवारूपुरा में शनिवार सुबह उस समय दहशत फैल गई जब एक वरिष्ठ अधिवक्ता की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। बाइक सवार हमलावरों ने अधिवक्ता को निशाना बनाते हुए वारदात को अंजाम दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव सिंह उर्फ रिंटू सिंह को बदमाशों ने बेहद नजदीक से गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।
परिजनों का कहना है कि अधिवक्ता ने पहले ही कटरा कोतवाली में अपनी हत्या की आशंका जताते हुए प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण यह घटना घटित हो गई। बताया जाता है कि इससे पहले भी उन पर दो बार हमले की कोशिश की जा चुकी थी। मृतक की पत्नी देवरी कला ग्राम प्रधान हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है









.jpg)


