किशनगंज, 14 अप्रैल।
जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत आर्थिक अपराध इकाई ने मंगलवार तड़के टाउन थाना प्रभारी अभिषेक कुमार रंजन से जुड़े पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई किशनगंज, पटना और सारण जिलों में उनके आवासीय परिसरों तथा अन्य स्थानों पर की गई।
सूचना के अनुसार सुबह लगभग 8 बजे नौ सदस्यीय ईओयू टीम चार वाहनों के साथ किशनगंज पहुंची और टाउन थाना परिसर के निकट स्थित उनके आवास तथा कार्यालय में जांच शुरू की। टीम ने पूरे परिसर को घेरते हुए तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक महिला अधिकारी भी टीम में शामिल रही। जांच के क्रम में थाना प्रभारी के चालक हरेंद्र से भी पूछताछ की गई। सूत्रों के मुताबिक, कथित रूप से माफिया से संबंधों की भी जांच की जा रही है।
दूसरी टीम ने पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र स्थित देवनगर कॉलोनी में उनके आवास पर दबिश दी, जिसकी अगुवाई डीएसपी सीपी यादव कर रहे हैं। कार्रवाई के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते टीम को परिजनों के आने का इंतजार करना पड़ा।
इसके अलावा सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के पैगा गांव में स्थित उनके पैतृक आवास पर भी सुबह छापेमारी की गई। जांच टीम दस्तावेजों, संपत्ति से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अभिषेक कुमार रंजन पर आय से लगभग 1 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है।
विभागीय स्तर पर उन्हें पद से हटाए जाने की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वर्ष 2009 बैच के दारोगा अभिषेक कुमार रंजन को बाद में निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिली थी और दिसंबर 2024 में उन्होंने किशनगंज सदर थाना का प्रभार संभाला था।
वे इससे पहले बहादुरगंज थाना प्रभारी भी रह चुके हैं। उल्लेखनीय है कि जिले में पिछले 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले 31 मार्च को पूर्व एसडीपीओ गौतम कुमार के आवास पर भी ईओयू ने छापेमारी की थी, जिससे पुलिस विभाग में हलचल बढ़ गई है। जांच जारी है और आगे बड़े खुलासों की संभावना जताई जा रही है।




.jpg)
.jpg)




.jpg)


