यमुनानगर, 14 अप्रैल
थाना बुडिया क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद एक युवती के साथ कथित रूप से जातिगत अपमान, मारपीट और उत्पीड़न की घटना सामने आई है, जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके पति सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया कि उसने 11 अप्रैल को गांव माली माजरा निवासी सचिन के साथ प्रेम विवाह किया था। उसके अनुसार यह विवाह दोनों पक्षों की सहमति से हुआ था, जिसके बाद पति उसे जगाधरी स्थित एक होटल में ले गया।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपित के परिजनों ने फोन पर बातचीत करते हुए युवती को जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया और पति पर यह दबाव बनाया कि उसने निम्न जाति में विवाह कर परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई है तथा यदि वह उसके साथ रहेगा तो वे आत्मघाती कदम उठा लेंगे।
पीड़िता के अनुसार इस घटनाक्रम के बाद पति ने होटल में ही उसके साथ मारपीट की और उसे वहीं छोड़कर चला गया। इसके अलावा आरोप लगाया गया है कि इससे पहले 7 अप्रैल को गांव नत्थनपुर में उसे बुलाकर पति, उसके भाई नितिन और आर्यन ने मारपीट की थी तथा जातिसूचक टिप्पणियां की थीं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपित के साथ उसका लगभग छह वर्षों से संबंध था और इस दौरान विवाह का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। पुलिस ने इस मामले में सचिन, नितिन, अंकिता और आर्यन के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।



.jpg)
.jpg)




.jpg)


