बांसवाड़ा, 14 अप्रैल
जिले में भारत आदिवासी पार्टी के नेता अशोक निनामा के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने पीट-पीटकर हत्या किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच प्रेम-प्रसंग के एंगल से कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक अनिल (28) खमेरा थाना क्षेत्र के कलिमगरा इलाके में सोमवार देर रात गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
जानकारी के अनुसार अनिल अपने घर बांसलिखेड़ा से लगभग छह किलोमीटर दूर झाड़ियों में घायल हालत में पड़े मिले थे। परिजनों का कहना है कि रात करीब दो बजे गांव के सरपंच प्रकाश ने फोन कर अनिल की लोकेशन की जानकारी दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे तो झाड़ियों से अनिल की चीखने की आवाज सुनाई दी।
परिजनों के अनुसार अनिल ने बताया था कि उसे रात करीब साढ़े बारह बजे से घसीट-घसीट कर बेरहमी से पीटा गया था। गंभीर अवस्था में उसे पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और फिर बांसवाड़ा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई अशोक निनामा ने इसे हत्या का मामला बताते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, और घटना की जानकारी देते समय वे भावुक भी हो गए। उल्लेखनीय है कि अशोक निनामा घाटोल विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में चुनाव भी लड़ चुके हैं।
घाटोल के पुलिस उपाधीक्षक के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद पुलिस ने घायल अवस्था में ही अनिल के बयान भी दर्ज किए थे। वहीं पुलिस अधीक्षक के अनुसार मामले में तीन से चार लोगों की संलिप्तता की आशंका है, जिनकी तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है और कॉल डिटेल्स के आधार पर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।




.jpg)
.jpg)




.jpg)


