पश्चिम बंगाल
14 Apr, 2026

जलपाईगुड़ी में राजनीतिक विवाद के बाद विरोध प्रदर्शन तेज

जलपाईगुड़ी में तृणमूल कांग्रेस के चुनावी पोस्टर फाड़े जाने की घटना के बाद विरोध प्रदर्शन तेज हो गया और सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है तथा राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी तेज हो गया है।

जलपाईगुड़ी, 14 अप्रैल।

जिले में तृणमूल कांग्रेस के चुनावी पोस्टर फाड़े जाने की घटना के बाद राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि अन्य दलों के पोस्टर सुरक्षित रहे, जबकि उनके उम्मीदवार के पोस्टरों को जानबूझकर निशाना बनाया गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार, जलपाईगुड़ी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार कृष्ण दास के समर्थन में सोमवार को सिपाईपाड़ा बाजार से बोधनिमोड़ तक लगभग पांच किलोमीटर क्षेत्र में पोस्टर लगाए गए थे। लेकिन मंगलवार सुबह सभी पोस्टर फटे हुए अवस्था में सड़क पर पड़े मिले, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।

घटना के विरोध में तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जलपाईगुड़ी-हल्दीबाड़ी राज्य मार्ग को अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस जाम के कारण यातायात प्रभावित रहा, जिसके बाद पुलिस की ओर से कार्रवाई के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त किया गया।

सूचना मिलने पर मानिकगंज आउटपोस्ट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच भी की जा रही है।

खारिजा बेरुबाड़ी-1 अंचल कमेटी के अध्यक्ष धनंजय राय ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अशांति फैलाने के पीछे विपक्षी दल की भूमिका हो सकती है और इस संबंध में चुनाव आयोग तथा पुलिस से शिकायत की गई है।

वहीं, भाजपा नेता सौमेन राय ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी पार्टी इस घटना में शामिल नहीं है और यह तृणमूल के आंतरिक विवाद का परिणाम भी हो सकता है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़