उदयपुर, 14 अप्रैल
खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के सुवेरी गांव में पानी पीने के बहाने घर में घुसकर महिला के गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हुए तीन शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाइक और लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई है।
पीड़िता चंपा देवी पत्नी नाथूलाल पटेल ने रिपोर्ट में बताया कि 7 अप्रैल 2026 की दोपहर वह घर पर अकेली थीं, तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक उनके घर पहुंचे और पानी पीने की मांग की।
मानवीय आधार पर महिला ने उन्हें पानी पिलाया, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली और बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए, जबकि महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुके थे।
घटना के बाद खेरवाड़ा थाना पुलिस ने थानाधिकारी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया और जांच शुरू की, जिसके तहत एएसआई स्तर के अधिकारियों की टीमों ने चार दिनों तक क्षेत्र के सौ से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा आरोपियों की पहचान का प्रयास किया।
इसके साथ ही पुलिस ने उखेड़ी, झांझरी सहित आसपास के इलाकों में मजदूरों के हुलिए में संदिग्धों की तलाश भी की। बाद में सूचना के आधार पर कनबई, पाटिया और उखेड़ी के जंगलों में घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा गया, जिन्होंने पूछताछ में वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने भाविन कुमार पुत्र शांतिलाल निवासी लक्ष्मणपुरा, पहाड़ा और आशीष उर्फ आशु पुत्र फूला निवासी फुटाला, पहाड़ा को गिरफ्तार किया, जबकि तीसरे आरोपी मंशाराम पुत्र लक्ष्मण निवासी बिचला फला सरेरा, पहाड़ा को प्रोडक्शन वारंट के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार मंशाराम के खिलाफ विभिन्न थानों में 28 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि आशीष के खिलाफ भी कई थानों में लूट सहित नौ से अधिक मामले दर्ज हैं, और पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।




.jpg)
.jpg)




.jpg)


