सिलीगुड़ी, 14 अप्रैल।
बांग्ला नववर्ष के अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सिलीगुड़ी का दौरा करने जा रही हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 15 अप्रैल को वह शहर में पदयात्रा निकालेंगी, जो एक रोड शो के रूप में आयोजित होगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से वे सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार गौतम देव के समर्थन में जनसंपर्क करेंगी।
जानकारी के मुताबिक, यह पदयात्रा सिलीगुड़ी जंक्शन क्षेत्र से शुरू होकर हाशमी चौक तक पहुंचेगी। नववर्ष के दिन होने वाले इस कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पार्टी स्तर पर तैयारियां पहले से ही तेज कर दी गई हैं।
रूट निरीक्षण के दौरान सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने पूरे मार्ग का जायजा लिया। उनके साथ डीसीपी (ईस्ट) राणा मुखर्जी, ट्रैफिक डीसीपी काजी शमसुद्दीन और डीसीपी मुख्यालय तन्मय सरकार सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल मैदान में उतरने की संभावना को देखते हुए वहां भी निरीक्षण किया गया।
नगर निगम के डिप्टी मेयर रंजन सरकार ने कहा कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे अपनी नेता से आसानी से मिल सकें, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।




.jpg)
.jpg)




.jpg)


