धार, 14 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के तारपुरा स्थित रामकी एनवायरो कंपनी में मंगलवार को अचानक तीन जोरदार विस्फोट होने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व सुरक्षा कार्य शुरू कर दिए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-2 में स्थित यह वही कंपनी है, जहां भोपाल गैस त्रासदी से जुड़े यूनियन कार्बाइड के कचरे के निपटान का कार्य पहले किया गया था। मंगलवार को यहां एक के बाद एक तीन धमाके हुए, जिनकी आवाज करीब एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के गांवों में भय का माहौल फैल गया। तारपुरा और बजरंगपुरा जैसे निकटवर्ती गांवों में लोगों ने विस्फोट के झटके महसूस किए।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनके घरों में रखे बर्तन और टेलीविजन तक अपने स्थान से गिर गए। घटना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। प्रारंभिक जांच में किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है।
सीएसपी रवि सोनेर ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और विस्फोट के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी ओम प्रकाश अहीर ने भी पुष्टि की कि पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। कंपनी प्रबंधन ने भी किसी नुकसान या घायल होने की बात से इनकार किया है।
उल्लेखनीय है कि यह कंपनी पहले भी भोपाल गैस कांड से जुड़े जहरीले कचरे के निपटान को लेकर चर्चा में रही है। इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था और मानकों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम अब विस्फोट के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है।






.jpg)
.jpg)



.jpg)
