भोपाल, 14 अप्रैल।
मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है और प्रदेश में बारिश व बादलों का दौर समाप्त होने के बाद तेज धूप और गर्मी का असर बढ़ गया है। कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 16 और 17 अप्रैल से प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण लू चलने की संभावना है।
सोमवार को रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा धार, नर्मदापुरम और खरगोन में भी पारा 40 डिग्री से ऊपर बना रहा। विभाग के अनुसार 16 और 17 अप्रैल को रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, खरगोन, खंडवा, सीधी, सिंगरौली, मंडला और बालाघाट में लू का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी गर्म हवाओं का असर महसूस किया जाएगा।
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि 15 अप्रैल से एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होगा, लेकिन यह कमजोर रहेगा और इसके कारण गर्मी से कोई खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा प्रदेश में सबसे अधिक गर्मी वाला समय होता है, जिसमें कई बार तापमान चरम स्तर तक पहुंच जाता है।
इससे पहले अप्रैल की शुरुआत में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ था, जब 1 से 9 अप्रैल के बीच कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई थी। इस दौरान 15 से अधिक जिलों में ओले गिरे, जबकि करीब 45 जिलों में बारिश हुई। ग्वालियर में इस अवधि में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई थी।






.jpg)
.jpg)




.jpg)
