जयपुर, 13 अप्रैल।
प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर समाप्त होने के बाद अब राजस्थान में गर्मी ने धीरे-धीरे अपना प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। रविवार सुबह से ही आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के पश्चिमी, पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों के 12 से अधिक जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया है। वहीं रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है और कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। इस अवधि में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ और जैसलमेर में 37.6, जोधपुर और कोटा में 37.4, फलोदी में 37.8, प्रतापगढ़ में 37.2 तथा उदयपुर और जालोर में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
बीकानेर में 36.4, वनस्थली (टोंक) में 36.1, श्रीगंगानगर, चूरू और पिलानी में 35.8 जबकि जयपुर और अजमेर में 34.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार आगामी 4 से 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है तथा पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर जा सकता है। हालांकि फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं है, लेकिन तेज धूप से गर्मी का असर बढ़ेगा।
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से सावधानी बरतने की सलाह दी है। आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के साथ कूलर और पंखों की मांग में भी तेजी आने की संभावना है।


.jpg)





.jpg)



