मऊगंज, 14 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में लौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पन्नी-पथरिया नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो अलग-अलग बाइकों की एक खड़े ट्रेलर से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे तीन युवक पल्सर बाइक से हाईवे पर तेज रफ्तार में जा रहे थे। बताया गया कि वे चलते समय मोबाइल फोन पर वीडियो या रील बनाने में लगे हुए थे, जिससे उनका ध्यान भटक गया और उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य टीवीएस अपाचे बाइक भी अनियंत्रित होकर उसी ट्रेलर से टकरा गई, जिसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को मऊगंज सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना प्रभारी रीना सिंह ने बताया कि दोनों बाइकों की टक्कर एक ही ट्रेलर से हुई है। हादसे में तीन युवकों की मौत हुई है। मृतकों की पहचान बेला निवासी उपलक्ष्य कोल (17), अमरीश कोल (22) और हेमराज कोल (17) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में प्रशांत द्विवेदी (19) और प्रदीप द्विवेदी (17) शामिल हैं, जिनका उपचार जारी है।
पुलिस ने बताया कि मृतकों के पास से एक गन लाइटर भी बरामद हुआ है। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।






.jpg)
.jpg)



.jpg)
