मुंबई, 13 अप्रैल।
अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ ने रिलीज के चौथे सप्ताह में भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखी है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई यह फिल्म अब घरेलू स्तर पर 1100 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होने के बेहद करीब पहुंच चुकी है, जबकि वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल कारोबार 25 दिनों में 1712.98 करोड़ रुपये तक दर्ज किया गया है।
वीकेंड पर फिल्म की कमाई में फिर से तेजी देखने को मिली। 25वें दिन यानी रविवार को फिल्म ने 14.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि शनिवार को 24वें दिन इसका कलेक्शन 13.50 करोड़ रुपये रहा। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 1083.67 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और जल्द ही यह 1100 करोड़ क्लब में प्रवेश कर सकती है।
यह फिल्म ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी का दूसरा भाग है, जिसका पहला हिस्सा पिछले साल 5 दिसंबर को रिलीज हुआ था। यह फ्रेंचाइजी अब तक वैश्विक स्तर पर 3000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर चुकी है। पहली फिल्म ने दुनियाभर में 1307.25 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि दूसरा भाग 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुका है।
इसी के साथ दोनों फिल्मों की संयुक्त कमाई 3000 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है, जिससे यह फ्रेंचाइजी भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी कमाई करने वाली श्रृंखलाओं में शामिल हो गई है।
फिल्म का प्रदर्शन अभी भी मजबूत बना हुआ है और यह अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ के 1742 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड को चुनौती देने की ओर बढ़ रही है।
दूसरी ओर, मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष की फिल्म ‘डकैत’ भी बॉक्स ऑफिस पर स्थिर प्रदर्शन कर रही है। तीसरे दिन फिल्म ने 6.40 करोड़ रुपये की कमाई की और अब तक इसका कुल घरेलू कलेक्शन 19.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।









.jpg)
.jpg)


