चेन्नई, 11 अप्रैल।
साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ के इंटरनेट पर लीक होने की घटना से फिल्म इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। फिल्म के ऑनलाइन उपलब्ध हो जाने से निर्माताओं को बड़े आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना के बाद साउथ सिनेमा के कई बड़े कलाकारों ने गहरी नाराजगी जताई है और पायरेसी के खिलाफ कड़े कदम उठाने की मांग की है। फिल्म के लीक होने को लेकर पूरे फिल्म जगत में चिंता का माहौल है।
सुपरस्टार रजनीकांत ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे अत्यंत स्तब्ध करने वाला बताया और सरकार से दोषियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा देने की अपील की। वहीं अभिनेता सूर्या ने इसे दिल तोड़ने वाला और अन्यायपूर्ण बताते हुए दर्शकों से फिल्म को ऑनलाइन न देखने और साझा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पूरी टीम की मेहनत का अपमान है और ऐसे कृत्य अस्वीकार्य हैं।
दिग्गज अभिनेता कमल हासन ने इस मामले को व्यवस्था की विफलता बताते हुए कहा कि सेंसर प्रमाणन में देरी भी इस तरह की अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देती है। उन्होंने जवाबदेही तय करने और नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की। इसके अलावा अभिनेता चिरंजीवी ने भी इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री प्रभावित होती है।
गौरतलब है कि यह फिल्म नौ जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर प्रमाणन में देरी के कारण इसकी रिलीज टाल दी गई थी और नई तारीख की घोषणा अभी तक नहीं की गई है।












.jpg)
.jpg)