मीरजापुर, 11 अप्रैल 2026।
मीरजापुर जनपद के हलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डोहर गांव में शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग ने सात किसानों की करीब अठारह बीघा गेहूं की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इस अग्निकांड में लगभग चार लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
राजस्व निरीक्षक प्रमोद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव निवासी श्याम सुंदर चौबे के खेत में बंधी लगभग आठ बीघा फसल में सबसे पहले आग लगी थी। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैलती हुई आसपास के खेतों तक पहुंच गई, जिससे कई अन्य किसानों की फसल भी इसकी चपेट में आ गई।
आग लगने से छोटे लाल, गिरधारी, लालचंद, कमला शंकर, भाईलाल और बसंतु सहित अन्य किसानों की फसलें जलकर राख हो गईं। घटना की सूचना पर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची तथा फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही अधिकांश फसल जल चुकी थी।
बाद में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को सुरक्षित बचा लिया गया।
राजस्व निरीक्षक प्रमोद सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










.jpg)