देहरादून, 18 अप्रैल।
उत्तराखंड में आज मौसम के मिजाज में बदलाव देखने की संभावना जताई गई है, जहां पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ तेज हवाओं का प्रभाव रह सकता है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग देहरादून केंद्र द्वारा शनिवार को जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है तथा इन क्षेत्रों में तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इसके साथ ही 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना भी जताई गई है, जिससे पर्वतीय इलाकों में मौसम प्रभावित रह सकता है।
वहीं राज्य के मैदानी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है, जहां देहरादून में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर गरज वाले बादलों के विकसित होने की संभावना बनी हुई है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि संभव है, जिसके बाद तापमान में किसी बड़े परिवर्तन की संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक और पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि इस अवधि में कहीं भी उल्लेखनीय वर्षा दर्ज नहीं की गई।





.jpg)


.jpg)
.jpg)