मौसम
18 Apr, 2026

मप्र में गर्मी का प्रकोप तेज, तापमान 43 पार, 16 जिलों में लू की चेतावनी

मध्य प्रदेश में तापमान 43 डिग्री के पार पहुंचने के साथ 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है और कई जगहों पर स्कूल समय में बदलाव किया गया है।

भोपाल, 18 अप्रैल।

मध्य प्रदेश में गर्मी का असर अब तेज होता नजर आ रहा है। शुक्रवार को पहली बार इस सीजन में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। खजुराहो में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा, जबकि नौ शहरों में पारा 42 डिग्री से ऊपर पहुंचा।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए 16 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इनमें अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, धार, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना शामिल हैं। बढ़ती गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया है। भोपाल में अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित किए जाएंगे, वहीं नर्मदापुरम, ग्वालियर, बालाघाट, मैहर, रतलाम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रायसेन, डिंडौरी, अनूपपुर और उमरिया में भी नई समय-सारणी लागू कर दी गई है।

शुक्रवार को प्रदेश के अनेक जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। उमरिया में 42.9 डिग्री, टीकमगढ़-नौगांव में 42.8 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, दमोह, गुना और दतिया में 42.2 डिग्री तापमान रहा। सागर और सतना में 41.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री तथा नर्मदापुरम और शाजापुर में 41.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों में जबलपुर सबसे अधिक गर्म रहा, जहां तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया। भोपाल और ग्वालियर में 41.3 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री और उज्जैन में 40.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। कई स्थानों पर लू के थपेड़े भी महसूस किए गए।

मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिनभर पर्याप्त पानी पीने, शरीर को तरल बनाए रखने, दोपहर के समय धूप से बचने और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने की बात कही गई है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़