मुरादाबाद, 15 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में शादी का झांसा देकर एक युवक द्वारा युवती का तीन वर्ष तक शारीरिक शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत मिलने के बाद कटघर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बुधवार को आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार के अनुसार कटघर क्षेत्र की रहने वाली युवती ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह एक फर्म में कार्यरत थी, जहां बिलारी थाना क्षेत्र के ग्राम थामला निवासी शाने आलम भी काम करता था। साथ काम करते-करते दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और इसी दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर युवती का लगातार तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण किया।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस संबंध में विरोध किया तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान युवती को दो बार गर्भपात भी कराना पड़ा। बाद में जब उस पर शादी का दबाव बनाया गया तो आरोपी ने स्पष्ट रूप से विवाह से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पूछताछ करने पर फर्म में काम करने वाली युवती की सहेली को भी धमकाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कटघर पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी शाने आलम को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेज दिया गया।










.jpg)
.jpg)

.jpg)
