मध्य प्रदेश
15 Apr, 2026

विविधता में एकता का उत्सव, राज्यपाल पटेल ने स्थापना दिवस पर दिया राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश

राज्यपाल ने स्थापना दिवस समारोह में विविधता में एकता और विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर दिया।

भोपाल, 15 अप्रैल

राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि राज्यों के स्थापना दिवस समारोह भारत की विविधता में एकता के सशक्त प्रतीक हैं, जो विभिन्न प्रदेशों की कला, संस्कृति, इतिहास और विकास की झलक प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी सद्भाव, प्रेम और भाईचारे को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बनते हैं।

लोक भवन में आयोजित राजस्थान, ओडिशा और हिमाचल प्रदेश के संयुक्त स्थापना दिवस कार्यक्रम में संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि देश की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक यात्रा का उत्सव है। इस अवसर पर उन्होंने तीनों राज्यों के नागरिकों को शुभकामनाएं भी दीं।

उन्होंने “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की अवधारणा को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह पहल सभी राज्यों को जोड़कर विकसित भारत के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती है। साथ ही उन्होंने वर्ष 2047 तक देश को विकसित बनाने के लिए सभी से योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज्यपाल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और महापुरुषों का स्मरण करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों के त्याग और समर्पण से युवाओं को प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

राज्यपाल ने तीनों राज्यों की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान की लोक कला, ओडिशा की आध्यात्मिक विरासत और हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता देश की पहचान को सुदृढ़ करती है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक विविधताओं के बावजूद सभी का लक्ष्य आत्मनिर्भर और सशक्त भारत होना चाहिए।

समारोह में तीनों राज्यों की लोक और शास्त्रीय प्रस्तुतियों ने सभी को आकर्षित किया। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से परंपराओं की झलक देखने को मिली, जिसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इस अवसर पर पारंपरिक तरीके से राज्यपाल का स्वागत भी किया गया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़