अनूपपुर, 15 अप्रैल।
केन्द्रीय विद्यालय अनूपपुर के विद्यार्थियों ने एक बार फिर विद्यालय की प्रतिष्ठा के अनुरूप उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई द्वारा घोषित कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणामों में शानदार उपलब्धि दर्ज की है। इस बार भी विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और मजबूत शैक्षिक व्यवस्था का प्रमाण माना जा रहा है।
इस वर्ष बेहतर अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में मान्या त्रिपाठी 96.2 प्रतिशत, अनमोल मिश्रा 95.4 प्रतिशत, श्रेया मिश्रा 92.6 प्रतिशत, शौर्य गर्ग 91.4 प्रतिशत और दीप्ति पाण्डेय 90.8 प्रतिशत शामिल हैं, जिन्होंने विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। इस बार कुल 37 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 30 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए और 23 विद्यार्थियों ने 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए।
विद्यालय के प्राचार्य देवेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि इस सफलता के पीछे नियमित शैक्षिक गतिविधियां, सतत अभ्यास और समय-समय पर आयोजित उपचारात्मक शिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं का आयोजन किया गया, जहां विषय विशेषज्ञों द्वारा व्यक्तिगत मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही साप्ताहिक परीक्षा, मॉडल पेपर अभ्यास और संदेह निवारण सत्रों ने विद्यार्थियों की तैयारी को मजबूत किया।
विद्यालय में स्मार्ट कक्षाओं, प्रयोगात्मक गतिविधियों, समूह चर्चा, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं और परियोजना आधारित शिक्षण को भी विशेष महत्व दिया गया। विद्यार्थियों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने के लिए योग, ध्यान और प्रेरक सत्रों का आयोजन किया गया, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा।
इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सभी सफल विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। यह परिणाम दर्शाता है कि अनुशासन, समर्पण और उचित मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।










.jpg)