भोपाल, 19 अप्रैल
मध्य प्रदेश में तेज गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर बदलाव के संकेत दिए हैं। शनिवार को जहां प्रदेश के कई हिस्सों में गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसाया, वहीं कुछ जिलों में बादलों की आवाजाही भी देखी गई। रतलाम में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि राजधानी भोपाल में दिनभर बादल छाए रहने से हल्की राहत महसूस की गई।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही प्रदेश के छह जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। अप्रैल माह में यह दूसरी बार है जब प्रदेश में बारिश जैसे हालात बनने की स्थिति बन रही है। इससे पहले महीने की शुरुआत में 1 से 9 अप्रैल के बीच प्रदेशभर में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि दर्ज की गई थी, जिसके बाद गर्मी ने तेजी से असर दिखाया। अब करीब दस दिन बाद फिर से मौसम केंद्र ने वर्षा का अलर्ट जारी किया है।
इस सीजन में पहली बार प्रदेश का पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है, जो रतलाम में दर्ज किया गया। इसके अलावा उमरिया में 43.8 डिग्री और मंडला में 43.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। अन्य जिलों में भी गर्मी का असर तेज रहा, जहां खजुराहो में 42.9 डिग्री, गुना में 42.8 डिग्री, दतिया में 42.6 डिग्री तथा दमोह और नौगांव में 42.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
टीकमगढ़ और सतना में 42.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रमुख शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे अधिक गर्म रहा, जहां पारा 41.9 डिग्री तक पहुंचा। इसके अलावा भोपाल में 41.4 डिग्री, जबलपुर में 41.7 डिग्री, इंदौर में 40.4 डिग्री और उज्जैन में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।









