अपराध
19 Apr, 2026

सिंगरौली बैंक डकैती का खुलासा, बिहार से दो आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली में बैंक डकैती के मामले में पुलिस ने बिहार से दो आरोपियों को पकड़कर सोना और नकदी बरामद की है, अन्य की तलाश जारी है।

सिंगरौली, 18 अप्रैल

मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिला मुख्यालय स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में शुक्रवार को हुई बड़ी डकैती के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस ने दो आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 61 ग्राम सोना और 15 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घटना के दिन पांच बदमाश बैंक से करीब 15 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और 20 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। इनमें से तीन आरोपियों के चेहरे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए थे। आरोपियों की पहचान के लिए उनकी तस्वीरें छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड सहित पड़ोसी राज्यों में भेजी गई थीं। इसी दौरान बिहार के औरंगाबाद रेलवे स्टेशन पर एक महिला पुलिस अधिकारी ने संदिग्ध को पहचानकर जीआरपी की मदद से उसे पकड़ लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के अनुसार, बिहार से पकड़े गए आरोपियों के पास से 61 ग्राम सोना और 15 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 10 टीमें अलग-अलग राज्यों में लगातार कार्रवाई कर रही हैं और जल्द सभी आरोपियों को पकड़ने का दावा किया गया है।

घटना सिंगरौली के बैढ़न क्षेत्र स्थित विंध्य नगर रोड पर हुई, जहां बैंक की शाखा व्यस्त बाजार क्षेत्र में स्थित है। शुक्रवार दोपहर करीब 12:50 बजे पांच बदमाश अलग-अलग समय पर बैंक में दाखिल हुए। इनमें से तीन के पास पिस्टल और दो के पास कट्टा था। बदमाशों ने हथियार दिखाकर ग्राहकों और कर्मचारियों को धमकाया और सभी के मोबाइल फोन एक जगह रखवा दिए। विरोध करने पर हवाई फायर भी किया गया।

इसके बाद बदमाशों ने ग्राहकों को दीवार के किनारे बैठाकर उनके हाथ सिर पर रखने को कहा। एक बदमाश मुख्य द्वार पर निगरानी करता रहा, जबकि अन्य ने बैंक के अंदर कब्जा कर लिया। एक आरोपी बैंक मैनेजर के केबिन में पहुंचा और उन्हें हथियार के बल पर स्ट्रॉन्ग रूम तक ले गया, जबकि दूसरा कैशियर से नकदी निकलवाने में जुट गया।

बदमाशों ने मैनेजर से गोल्ड लोन से जुड़े लॉकरों की चाबियां मांगी और धमकाकर पांच चाबियों का गुच्छा हासिल कर लिया। इसके बाद स्ट्रॉन्ग रूम खोलकर करीब ढाई किलो सोना निकाल लिया गया। इस दौरान एक आरोपी लॉकर खोलता रहा, जबकि दूसरा सोने के जेवरों को झोले में भरता रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गेट पर खड़ा बदमाश बाहर से आने वाले लोगों को अंदर आने देता था, लेकिन उन्हें मोबाइल जमा कराकर चुपचाप बैठा देता था ताकि कोई शोर न मचा सके। सभी आरोपी दो अपाचे बाइक से आए थे और वारदात के बाद तीन आरोपी एक बाइक तथा दो दूसरी बाइक से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों की गतिविधियों को बलंगी थाना क्षेत्र तक ट्रैक किया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है। भागते समय एक आरोपी का कट्टा गिर गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। यह भी सामने आया कि आरोपी बैंक का डीवीआर निकाल ले गए थे, लेकिन अफरा-तफरी में उसे साथ ले जाना भूल गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सभी आरोपी दुबले-पतले थे और आपस में बिहारी लहजे में बातचीत कर रहे थे। एक आरोपी छोटा कद का था और वही पूरी वारदात का संचालन कर रहा था। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहले से कई दिनों तक रेकी की थी और उन्हें बैंक में रखे सोने व व्यवस्था की पूरी जानकारी थी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बिहार के औरंगाबाद से दो आरोपियों को पकड़ा गया है, जबकि एक अन्य आरोपी के झारखंड में छिपे होने की जानकारी मिली है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है और पुलिस टीम बिहार के लिए रवाना हो चुकी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

23° / 41°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़