कानपुर, 19 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां किदवई नगर थाना क्षेत्र स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक व्यक्ति ने अपनी 11 वर्षीय जुड़वा बेटियों की हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। दोनों बच्चियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार किदवई नगर निवासी शशि रंजन मिश्रा पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव हैं। उनके परिवार में पत्नी रेशमा, जुड़वा बेटियां रिद्धि और सिद्धि तथा छह वर्षीय बेटा शामिल हैं। दोनों बेटियां पास के स्कूल में कक्षा पांच की छात्राएं थीं, जबकि बेटा यूकेजी में पढ़ता है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पत्नी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि कमरे में खून फैला हुआ था और दोनों बच्चियों के शव वहीं पड़े थे। आरोपित पिता पास में ही मौजूद मिला, जिसे तत्काल हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद किया, जबकि फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए।
प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पत्नी के अनुसार दोनों ने वर्ष 2014 में प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि पति शराब के नशे में मारपीट करता था और पत्नी पर शक करता था। उसने घर में निगरानी के लिए कैमरे भी लगवाए थे और अक्सर पत्नी से अलग रहने की बात करता था।
घटना से पहले शनिवार रात परिवार ने साथ में भोजन किया था। इसके बाद सभी सोने चले गए। सुबह जब पत्नी उठी तो उसने देखा कि दोनों बच्चियों की हत्या हो चुकी है और आरोपित वहीं मौजूद था। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।










