नागरिक समस्याएँ
15 Apr, 2026

बाग सेवनिया थाने में महिला फरियादी से बदसलूकी का आरोप

बाग सेवनिया थाने में महिला फरियादी ने एएसआई पर लिखित शिकायत न लेने, अभद्रता करने और धमकी देने के साथ आरोपी को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

भोपाल, 15 अप्रैल।

राजधानी भोपाल के बाग सेवनिया थाना क्षेत्र में एक महिला शिकायतकर्ता के साथ अभद्रता और शिकायत दर्ज न करने का गंभीर मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि थाने में तैनात एक एएसआई ने न केवल उनकी लिखित शिकायत लेने से इनकार किया, बल्कि उनके साथ बदतमीजी करते हुए धमकी भी दी।

पीड़िता विनी जॉर्ज, जो परिवर्तन पार्टी ऑफ इंडिया की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हैं, ने बताया कि हरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने इस संबंध में पहले 181 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

महिला का कहना है कि मंगलवार को जब वह थाने पहुंचीं और लिखित शिकायत देने का प्रयास किया, तो एएसआई ने शिकायत लेने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें थाने में बंद करने तक की धमकी दी गई। महिला ने तत्काल थाने के टीआई को सूचना दी, लेकिन निर्देश मिलने के बावजूद भी शिकायत दर्ज नहीं की गई।

महिला फरियादी ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी हरेंद्र सिंह को थाने से संरक्षण प्राप्त है, जिससे उनकी सुरक्षा को गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी कभी भी उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है।

इधर, मामले को लेकर परिवर्तन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि यदि संबंधित एएसआई के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी मुख्यमंत्री आवास और बाग सेवनिया थाने का घेराव करेगी।

फिलहाल इस पूरे प्रकरण पर पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

24° / 40°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़