देवरिया 16 अप्रैल
देवरिया 16 अप्रैल को जनपद के महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर बनहर गांव में पारिवारिक विवाद ने बीती रात हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी 40 वर्षीय रविता देवी पत्नी उमेश विश्वकर्मा का अपने पटीदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच दोनों पक्षों की महिलाओं में कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गंभीर झगड़े में बदल गई।
विवाद के दौरान आरोप है कि एक पक्ष की महिला ने रविता देवी पर घर में रखी किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मां को बचाने के लिए उनके 15 वर्षीय बेटे शिव और 17 वर्षीय बेटी अर्चना ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपित ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे दोनों बच्चे भी घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रविता देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि बेटे और बेटी का उपचार किया गया।
मृतका के पति उमेश विश्वकर्मा इस समय बाहर रह रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपित की तलाश जारी है। गांव में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा एक व्यक्ति की गिरफ्तारी भी की जा चुकी है।






.jpg)

.jpg)




