भागलपुर, 16 अप्रैल।
भागलपुर जिले के बुद्धूचक थाना क्षेत्र में जमीन को लेकर उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक ही परिवार के चार से पांच सदस्य दबंगों के हमले में घायल हो गए।
घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष ने गुरुवार को बुद्धूचक थाने में लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की है। मामला 10 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 8 बजे का है, जब परिवार के लोग घर से बाहर निकले थे। उसी दौरान विवादित भूमि पर उनके ही गोतिया पक्ष के कुछ लोग जबरन निर्माण कार्य कर रहे थे।
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि दबंगों ने लोहे के रॉड और लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों को भी नहीं छोड़ा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान एक महिला के गले से चांदी की चेन छीनने और नकदी लूटने का भी आरोप सामने आया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वे दहशत में हैं। उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






.jpg)

.jpg)





