यमुनानगर, 16 अप्रैल।
यमुनानगर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र महावीर चौक के पास स्थित एक होलसेल मनियारी दुकान में देर रात सुनियोजित चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने दुकान में घुसकर गल्ले में रखी करीब 3.25 लाख रुपये की नकदी चुरा ली और मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान संचालक अमनप्रीत सिंह, निवासी यमुनानगर, ने पुलिस को बताया कि उनकी दुकान ‘राजा एजेंसीज’ रेलवे रोड के पास स्थित है। उन्होंने रात को दुकान बंद की थी और गल्ले में पिछले तीन से चार दिनों की बिक्री की रकम, लगभग साढ़े तीन लाख रुपये, रखी हुई थी जिसे बैंक बंद होने के कारण जमा नहीं कराया जा सका था। सुबह जब कर्मचारी दुकान पर पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा हुआ मिला और जांच करने पर गल्ला खाली पाया गया।
आगे की पड़ताल में सामने आया कि बदमाश रोशनदान का लोहे का फ्रेम काटकर अंदर दाखिल हुए और दूसरी मंजिल तक जाने वाली सीढ़ियों का ताला तोड़कर नीचे आए। पहली मंजिल पर भी सामान अस्त-व्यस्त मिला, जिससे स्पष्ट हुआ कि वारदात पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से की गई है।
घटना की जानकारी पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।





.jpg)

.jpg)




