प्रशासनिक खबरें
15 Apr, 2026

भोपाल लूटकांड का खुलासा, महिला मास्टरमाइंड समेत चार गिरफ्तार

भोपाल के श्यामला हिल्स क्षेत्र में डॉक्टर से हुई लूट के मामले में पुलिस ने महिला मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग 17 लाख रुपये का माल बरामद किया है।

भोपाल, 15 अप्रैल।

राजधानी भोपाल के थाना श्यामला हिल्स क्षेत्र में डॉक्टर के साथ हुई सनसनीखेज लूट के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में महिला मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 17 लाख रुपये कीमत का सोने का कड़ा, वाहन और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस जांच के अनुसार, 10 अप्रैल को फरियादी डॉक्टर मनोज वर्मा रोज की तरह बोट क्लब स्थित जीवन वाटिका से साइकिल पर घर लौट रहे थे। इसी दौरान किलोल पार्क के पास पहले से रची गई साजिश के तहत आरोपियों ने उनकी साइकिल में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर हाथ में पहना सोने का कड़ा, घड़ी और नगदी लूटकर फरार हो गए।

मामले में अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद कार्रवाई कर सभी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें एक महिला को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। अन्य आरोपियों की पहचान भी पुलिस ने कर ली है, जिनकी भूमिका घटना के अलग-अलग चरणों में सामने आई है। वहीं एक अन्य आरोपी सहित कुछ लोग अभी फरार हैं।

जांच में सामने आया है कि मुख्य साजिशकर्ता महिला डॉक्टर को करीब दो वर्षों से जानती थी और दोनों के बीच विवाद के चलते बदले की भावना में यह पूरी योजना बनाई गई। इसके बाद अन्य आरोपियों को शामिल कर रेकी की गई और डॉक्टर की दिनचर्या, आने-जाने का समय तथा मार्ग की पूरी जानकारी जुटाई गई।

घटना के दौरान मोटरसाइकिल और कार का इस्तेमाल करते हुए पहले साइकिल को टक्कर मारी गई, फिर मिर्च पाउडर डालकर लूट को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों से लगभग 11 तोला सोने का कड़ा, टोयोटा ग्लांजा कार, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि कई आरोपियों के खिलाफ पहले से चोरी, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। पूरे मामले के खुलासे के लिए करीब 10 टीमों का गठन किया गया था, जिन्होंने संयुक्त कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश और जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़