प्रशासनिक खबरें
15 Apr, 2026

मोबाइल बरामदगी अभियान में बड़ी सफलता, मध्य प्रदेश पुलिस ने लौटाए 491 गुम फोन

मध्य प्रदेश पुलिस ने तकनीकी साधनों और साइबर जांच की मदद से दो सप्ताह में 491 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए हैं।

भोपाल, 15 अप्रैल।

मध्य प्रदेश पुलिस ने आधुनिक तकनीक, सीईआईआर पोर्टल, साइबर विश्लेषण और स्थानीय सूचना तंत्र के प्रभावी उपयोग के माध्यम से पिछले दो सप्ताह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 491 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 74 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुलिस के प्रति आभार जताया है।

पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरैना जिले में साइबर सेल और विभिन्न थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत सीईआईआर पोर्टल तथा स्थानीय सूचनाओं की सहायता से 211 गुम मोबाइल फोन ट्रेस किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये है। इन सभी मोबाइलों को विधिवत उनके असली मालिकों को सौंप दिया गया।

इसी तरह बैतूल जिले में साइबर सेल और थाना पुलिस के संयुक्त प्रयास से 100 मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये है। ये मोबाइल प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित अन्य राज्यों से भी ट्रेस किए गए।

रतलाम जिले के आलोट थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 गुम मोबाइल फोन जब्त किए, जिनकी कीमत लगभग 4 लाख रुपये है। वहीं जबलपुर पुलिस ने 148 गुम मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये है, संबंधित धारकों को वापस किए।

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान के दौरान जीआरपी ने एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6 महंगे मोबाइल फोन, जिनकी कीमत लगभग 1 लाख 11 हजार रुपये है, बरामद किए। इसी प्रकार भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल लूट की घटनाओं का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 5 आईफोन सहित अन्य मोबाइल, जिनकी कीमत लगभग 4 लाख 70 हजार रुपये है, जब्त किए।

इन सभी कार्रवाइयों में सीईआईआर पोर्टल, नागरिक ऐप और साइबर सेल की तकनीकी जांच की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ऑनलाइन शिकायत प्रणाली से लोग अब घर बैठे शिकायत दर्ज कर पा रहे हैं, जिससे त्वरित कार्रवाई संभव हो रही है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल या नागरिक ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करें, जिससे शीघ्र कार्रवाई कर संपत्ति की वापसी सुनिश्चित की जा सके।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

21° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़