पश्चिमी सिंहभूम, 15 अप्रैल
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने सारंडा जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जारी मुठभेड़ बुधवार को और तेज हो गई। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा और चडराडेरा के बीच जंगल में हुई इस कार्रवाई में कोबरा बटालियन 205 के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश समेत कुल पांच जवान घायल हो गए।
सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने संयुक्त अभियान चलाया था। बताया गया कि कुख्यात नक्सली नेता मिसिर बेसरा अपने दस्ते के साथ इलाके में सक्रिय है। इसी इनपुट पर पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके दौरान जंगल में आमना-सामना होते ही दोनों ओर से तीव्र गोलीबारी शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट की चपेट में आ गए। इसके अलावा अन्य जवानों को भी गोली लगने से चोटें आईं। शैलेश कुमार दुबे के गर्दन में, उत्तम कुमार सेनापति के हाथ में तथा अन्य जवानों के पैरों में गंभीर घाव बताए गए हैं।
घायल जवानों को पहले बाइक के जरिए सुरक्षित स्थान तक लाया गया, जहां से उन्हें हेलीकॉप्टर के माध्यम से एयरलिफ्ट कर रांची भेजा गया। घटना के बाद तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया और दुर्गम इलाके से सभी को बाहर निकाला गया।
सूत्रों के अनुसार जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को भी नुकसान पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन घने जंगल और अंधेरे के कारण अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेरते हुए अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। संभावित रास्तों पर सघन तलाशी अभियान जारी है और पूरे ऑपरेशन की निगरानी जिला स्तर से की जा रही है।








.jpg)
.jpg)

.jpg)
