हैदराबाद, 15 अप्रैल
आंध्र प्रदेश के श्री सत्यसाई जिले के पुट्टापर्थी क्षेत्र के कम्मरावरिपल्ली गांव में गैस सिलेंडर विस्फोट की दर्दनाक घटना में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग घायल हो गए। हादसा एक रिहायशी मकान में खाना बनाते समय हुआ, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार कदीरी मंडल के इस गांव में तेलंगाना से आए मजदूर एक मकान में भोजन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब साढ़े बारह बजे अचानक सिलेंडर में तेज विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि दो मकान पूरी तरह ढह गए और आसपास के कई घरों में दरारें पड़ गईं।
इस हादसे में चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य घायल लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की संख्या 18 बताई गई है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। इस दुर्घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य तेज कर दिए हैं।








.jpg)
.jpg)

.jpg)
