फिरोजाबाद, 15 अप्रैल।
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जनपद में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की हत्या के मामले में थाना अरांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पिता और उसके दो पुत्रों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी ऋषि कुमार के अनुसार गांव सुजैनी निवासी 55 वर्षीय राकेश का अपने चाचा सुभाष से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक यह विवाद न्यायालय तक पहुंचा और निर्णय भी हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्ष अपने-अपने हिस्से पर कब्जा बनाए हुए थे, जिससे तनाव लगातार बना रहा।
इसी क्रम में बुधवार को दोनों पक्षों के बीच विवाद एक बार फिर भड़क गया। आरोप है कि सुभाष और उसके पुत्रों ने राकेश पर डंडों और भालों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक पक्ष की ओर से नामजद तहरीर भी पुलिस को दी गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मात्र चार घंटे के भीतर वांछित आरोपित सुभाष चंद्र और उसके पुत्र विनय व राहुल को अंबेडकर पार्क के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त चार डंडे और दो भाले भी बरामद किए गए हैं। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।










.jpg)
.jpg)

.jpg)
