अमेठी, 18 अप्रैल।
रामगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र त्रिशुंडी में शनिवार सुबह एक ट्रक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 45 वर्षीय नरेंद्र कुमार के रूप में हुई है, जो जनपद हाथरस के थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित ग्राम रुहेरी के निवासी थे और पुत्र निहाल सिंह बताए गए हैं।
बताया गया कि नरेंद्र कुमार पुणे से माल लादकर ट्रक के माध्यम से त्रिशुंडी स्थित कोका-कोला फैक्टरी पहुंचे थे, जहां वाहन खड़ा करने के बाद वह मोबाइल पर बात करते हुए पानी की बोतल लेकर शौच के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में अचानक वह गिर पड़े और बेहोश हो गए, जिसके बाद साथी चालक ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भादर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला हृदयाघात का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





.jpg)


.jpg)
.jpg)